देश की खबरें | केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को राजग-शासित राज्यों में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की चुनौती दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी रियायती सेवाओं को लोगों के लिए अपनी ‘‘छह रेवड़ियां’’ बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)-शासित राज्यों में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की चुनौती दी।
नयी दिल्ली, छह अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी रियायती सेवाओं को लोगों के लिए अपनी ‘‘छह रेवड़ियां’’ बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)-शासित राज्यों में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की चुनौती दी।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने छत्रसाल स्टेडियम में अपनी दूसरी ‘जनता की अदालत’ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यदि मोदी राजग-शासित ‘‘22 राज्यों’’ में नि:शुल्क बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा करते हैं तो वह फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव में मोदी के लिए प्रचार करेंगे।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘डबल इंजन’ की राज्य सरकारों के नाकाम रहने का आरोप लगाया और हरियाणा तथा जम्मू-कश्मीर से उनके सत्ता से बाहर होने का अनुमान जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘डबल इंजन सरकारों का मतलब महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव-पूर्व सर्वेक्षण दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जल्द ही बाहर हो जाएगी।’’
केजरीवाल ने अपने भाषण के दौरान ‘रेवड़ियों’’ का एक पैकेट ले रखा था और उन्होंने कहा कि प्रत्येक ‘‘रेवड़ी’’ उनकी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई छह सेवाओं- नि:शुल्क बिजली, पानी, महिलाओं के लिए बस यात्रा, बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा, स्वास्थ्य देखभाल और शिक्षा को दर्शाती है।
उन्होंने घोषणा की कि ऐसे ही पैकेट जनता को बांटे जाएंगे और उन्होंने इसे ‘‘प्रसाद’’ के तौर पर लेने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, ‘‘जब आप घर जाएं तो इसके साथ ‘पूजा’ करें और इसे दूसरों के साथ बांटें।’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आगाह किया, ‘‘अगर गलती से आप भाजपा के लिए वोट करते हैं तो आपके सभी छह फायदे खत्म हो जाएंगे।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो डीटीसी, सरकारी स्कूल और अस्पतालों जैसी सेवाओं को निजी संस्थाओं को सौंप दिया जाएगा।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘मोदी जी, दिल्ली में फरवरी में चुनाव हैं। भाजपा 22 राज्यों में सत्ता में है। इन राज्यों में बिजली नि:शुल्क करिए, मैं दिल्ली चुनावों में मोदी जी के लिए प्रचार करूंगा।’’
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में भाजपा सरकार नाकाम हो गयी है। उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में लोग उन्हें अपने गांवों में घुसने नहीं दे रहे हैं। लोग उनका विरोध कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए 1,000 रुपये मासिक मानदेय का सातवां ‘‘मुफ्त उपहार’’ होगा।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘लोग कहते हैं, मोदीजी ने 10 साल में कुछ नहीं किया।’’ उन्होंने दावा किया कि वह अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के होने के बाद प्रधानमंत्री पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
‘आप’ प्रमुख ने मणिपुर की स्थिति से निपटने के भाजपा-नीत केंद्र सरकार के तौर-तरीके को विनाशकारी बताया।
केजरीवाल ने भाजपा के ‘डबल इंजन’ मॉडल को ‘‘दोहरी लूट और दोहरा भ्रष्टाचार’’ बताया। उन्होंने भाजपा पर गरीब-विरोधी होने का आरोप लगाते हुए बस मार्शल और डाटा एंट्री ऑपरेटर हटाने के साथ ही प्रदेश में होम गार्ड का वेतन रोकने का हवाला दिया।
केजरीवाल ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी में कई लोगों की रोजी-रोटी छीनने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भगवान से डरिए, आपको शर्म आनी चाहिए। वह आपको दंड देगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दिल्ली में कोई लोकतंत्र नहीं है। प्रदेश में उपराज्यपाल का शासन है।’’ उन्होंने शहर को ‘‘एलजी राज’’ से मुक्त कराने और पूर्ण राज्य का दर्जा देने का आह्वान किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में उनका इंसुलिन रोक दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी किडनी खराब हो सकती थी और मेरी जान जा सकती थी।’’
‘आप’ नेता ने भाजपा पर दिल्ली में कानून एवं व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों को नजरअंदाज करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया।
केजरीवाल ने मोदी के बड़े उद्योगपतियों से कथित तौर पर ‘‘करीबी संबंध’’ होने पर भी निशाना साधा और कहा, ‘‘मोदी जी का एक मित्र है जिसे केंद्र से सारे ठेके मिलते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने केवल लोगों के लिए काम किया है, मैंने अपने या अपने परिवार के लिए यह नहीं किया। मैंने कभी अपने बेटे को टिकट नहीं दिया, मैंने आपके बच्चों को टिकट दिया है।’’
उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा दिल्ली में सत्ता में आती है तो आप सरकार में दी गयी नि:शुल्क जन सेवाओं को रोक दिया जाएगा।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं दिल्ली को अमीरों के शासन से मुक्त कराने का संकल्प लेता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं जेल में था तो उपराज्यपाल ने मार्शलों को हटा दिया और दवाएं बंद कर दीं। दिल्ली के लोगों के खिलाफ काम करने वाले उपराज्यपाल कौन होते हैं?’’
उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि सभी लंबित कार्य और योजनाएं पटरी पर आ जाएं।
पिछले साल सेवा से हटाए गए बस मार्शलों की बहाली के मुद्दे का हवाला देते हुए केजरीवाल ने शनिवार को विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता के पैरों में लेटने के लिए दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज की सराहना की।
उन्होंने दिल्ली में कानून-व्यवस्था के ‘खराब’ होने को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की भी निंदा की और कहा कि दिल्ली में हत्या, जबरन वसूली कॉल और लूट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
केजरीवाल ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था पर ध्यान देने के बजाय भाजपा दिल्ली सरकार के कामों को रोकने में व्यस्त है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 06, 2024 09:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

