देश की खबरें | केजरीवाल भ्रष्टाचार के कारण ‘हीरो से जीरो’ बन गए: उमा भारती

भोपाल, आठ फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता उमा भारती ने शनिवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के कारण ‘हीरो से जीरो’ बन गये।

भारती ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत की सराहना की और कहा कि दिल्ली में पार्टी की लहर ने केजरीवाल के नेतृत्व वाली ‘आप’ को सत्ता से बाहर कर दिया।

दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत प्राप्त करने के बाद भाजपा ने करीब 27 वर्ष बाद सरकार बनाने के लिए तैयार है।

भारती ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

भारती ने ‘एक्स’ पर कहा, “केजरीवाल भारतीय राजनीति में एक ऐसे उदाहरण हैं, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते हुए दिल्ली की जनता के ‘हीरो’ बन गए लेकिन अंत में वे उसी भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए और दिल्ली की जनता ने उन्हें ‘जीरो’ बना दिया।”

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विधानसभा चुनाव में झटका लगा और उन्हें नई दिल्ली विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा से 4,089 मतों के अंतर से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)