Assembly Elections 2026: असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू, PM मोदी ने युवाओं और महिलाओं से रिकॉर्ड वोटिंग की अपील की
प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी (Photo Credits: IANS)

नई दिल्ली/गुवाहाटी/तिरुवनंतपुरम: असम (Assam), केरल (Kerala) और पुडुचेरी (Puducherry) में विधानसभा चुनावों (Assembly Elections) के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे मतदान (Voting) शुरू हो गया. इस महत्वपूर्ण राजनीतिक मुकाबले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से बड़ी संख्या में बाहर आने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया है. असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर आज वोट डाले जा रहे हैं, जिनके नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे. यह भी पढ़ें: Bengal Polls 2026: कूचबिहार दक्षिण सीट के पोल ऑब्जर्वर को हटाया गया, बूथ नेटवर्क की जानकारी नहीं होने पर EC का बड़ा एक्शन

प्रधानमंत्री की विशेष अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अलग-अलग संदेशों के माध्यम से राज्यों के लोगों से लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लेने का आग्रह किया. उन्होंने असम के लोगों से लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाने की अपील की और केरल के मतदाताओं से कहा कि 'रिकॉर्ड भागीदारी केरल की लोकतांत्रिक भावना को और ऊर्जा प्रदान करेगी.' पुडुचेरी के लिए उन्होंने युवाओं और महिलाओं से लोकतंत्र की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए आगे आने को कहा.

केरल: सत्ता के लिए कड़ा मुकाबला

केरल में लगभग 2.71 करोड़ मतदाता राज्य की अगली सरकार का फैसला करेंगे. मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही राज्य के 30,471 मतदान केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. विशेष बात यह है कि राज्य में लगभग दो लाख मतदाता 'होम वोटिंग' (घर से मतदान) के जरिए पहले ही अपना वोट डाल चुके हैं. यहां सभी गठबंधन और उम्मीदवार आखिरी समय तक मतदाताओं को लुभाने के प्रयासों में जुटे रहे. यह भी पढ़ें: Bengal Elections 2026: ममता बनर्जी ने भवानीपुर से भरा नामांकन; प्रस्तावकों की सूची में दिखी 'मिनी इंडिया' की झलक (Watch Video)

रिकॉर्ड वोटिंग केरल की लोकतांत्रिक भावना को और मजबूत करेगी

असम: बीजेपी की हैट्रिक या कांग्रेस की वापसी?

असम में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच है. बीजेपी जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर चल रही है, वहीं कांग्रेस 2016 के बाद फिर से सत्ता हासिल करने की कोशिश में है. राज्य की सभी 126 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है. सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई को समाप्त हो रहा है.

पीएम मोदी ने असम के लोगों से की मतदान करने की अपील

पुडुचेरी: एन. रंगासामी सरकार की साख दांव पर

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा के लिए भी मतदान शांतिपूर्वक शुरू हो गया है. वर्तमान में यहां ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) और बीजेपी की गठबंधन सरकार है, जिसका नेतृत्व मुख्यमंत्री एन. रंगासामी कर रहे हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. जवाहर ने बताया कि निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं.

युवाओं और महिला वोटरों से डेमोक्रेटिक प्रोसेस को मजबूत करने की अपील

गौरतलब है कि असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में नई सरकार चुनने के लिए लोग अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं और मतदान केंद्रों पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इन तीनों जगहों को मिलाकर करीब 5.3 करोड़ मतदाता हैं, जो वोटिंग के जरिए उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.