देश की खबरें | कर्नाटक के मंत्री को घर जा कर टीका लगाने वाला स्वास्थ्य कर्मी निलंबित

बेंगलुरु, दो अप्रैल कोविड-19 टीकाकरण नियमों का उल्लंघन कर कर्नाटक के कृषि मंत्री बी सी पाटिल और उनकी पत्नी को उनके आवास पर जा कर टीका लगाने वाले स्वास्थ्य कर्मी को निलंबित कर दिया गया है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आयुक्त डॉ.के वी त्रिलोक चंद्र ने 26 मार्च को जारी आदेश में कहा कि वह ड्यूटी में लापवाही बरतने के आरोप में लंबित जांच तक हावेरी जिला स्थित हिरेकेरुर तालुका के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जेड आर मखंदर को सरकारी सेवा से निलंबित कर रहे हैं।

आदेश में कहा गया है कि बार-बार प्रशिक्षण एवं निर्देश देने के बावजूद मंत्री को घर पर जाकर टीका लगाया गया है।

निलंबित स्वास्थ्य अधिकारी को बिना पूर्व अनुमति के, जांच पूरी होने तक कार्यस्थल भी नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि मंत्री ने दो मार्च को अपने आवास पर कोविड-19 से बचाव के लिए टीके की पहली खुराक ली थी और इसकी तस्वीर अपने सोशल मीडिया आकउंट पर साझा की थी। नियमों का उल्लंघन कर मंत्री को घर पर टीका लगाने की घटना की कड़ी आलोचना हुई थी।

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ.के सुधाकर ने भी नियमों का उल्लंघन होने पर अपनी नाखुशी जताई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)