देश की खबरें | कर्नाटक: सिद्धरमैया, राहुल गांधी की तस्वीरों वाले पोस्टर, बैनर से पटी बेंगलुरु की सड़कें

बेंगलुरु, 20 मई कर्नाटक के नये मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ लेने वाले कांग्रेस नेता सिद्धरमैया को बधाई देने वाले रंग-बिरंगे बैनर से बेंगलुरु की सड़कें पट गईं।

साथ ही, कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तस्वीरों वाले पोस्टर भी शहर की कई सड़कों पर नजर आये, जिनमें लिखा था, ‘‘कर्नाटक में आपका स्वागत है।’’

सिद्धरमैया ने मुख्यमंत्री पद पर अपने दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली, वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में और आठ विधायकों ने मंत्री के रूप में शपथ ली। यह शपथ ग्रहण समारोह कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के शानदार प्रदर्शन करने के ठीक एक सप्ताह बाद हुआ।

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीट पर जीत दर्ज की है।

केम्पेगौड़ा बंगलौर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गार्डन सिटी में प्रवेश करने वाले मोटर चालकों और अन्य राहगीरों का अभिवादन करने के लिए होर्डिंग लगायी गई थीं, जिन पर सिद्धरमैया की तस्वीर थी।

शहर के अंदरूनी इलाकों में बिजली के खंभों, और यहां तक कि पेड़ों पर भी बैनर लगाए गए थे। हालांकि, उनमें से सबसे अधिक ध्यान आकर्षित करने वाले बड़े आकार के गोलाकार बैनर थे, जिसमें सिद्धरमैया और शिवकुमार की तस्वीरें थीं।

इन बैनर में से एक पर लिखा था, ‘‘श्री सिद्धरमैया जी को कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने के लिए बधाई।’’ इस बैनर में उनकी एक बड़ी तस्वीर लगी थी, इसके अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और रणदीप सुरजेवाला की तस्वीरें थीं।

एक अन्य बैनर में शिवकुमार को अंग्रेजी और कन्नड़ में दिये गये बधाई संदेश थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)