बेंगलुरु, 19 दिसंबर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव को आड़े हाथ लेते हुये कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी तेलंगाना विधानसभा चुनाव में इसलिये हार गयी, क्योंकि वह यह पुष्टि करना भी नहीं जानते कि फर्जी और संपादित वीडियो क्या है और सच क्या है।
सिद्धरमैया ने बीआरएस पर भाजपा द्वारा बनाए गए फर्जी व संपादित वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया और पार्टी (बीआरएस) को केंद्र में सतारूढ़ दल की पूरी तरह से बी टीम करार दिया ।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर राव द्वारा साझा की गई एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही। राव ने एक कथित फर्जी संपादित वीडियो साझा किया है, जिसमें सिद्धरमैया कर्नाटक विधानसभा में यह कहते सुने जा सकते हैं कि चुनावी गारंटी को पूरा करने के लिये धन की कमी है ।
सिद्धरमैया ने एक्स पर लिखा, ‘‘श्री के टी रामा राव, क्या आप जानते हैं कि आपकी पार्टी तेलंगाना चुनावों में क्यों हार गई । क्योंकि आप इसकी पुष्टि करना भी नहीं जानते कि क्या फर्जी और संपादित है तथा क्या सच है। भाजपा फर्जी संपादित वीडियो बनाती है, और आपकी पार्टी उन्हें प्रसारित करती है ।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘आपकी पार्टी पूरी तरह से भाजपा की बी टीम है ।’’
विधानसभा में सिद्धरमैया के भाषण का वीडियो साझा करते हुये राव ने कहा था, ‘‘कर्नाटक के मुख्यमंत्री कहते हैं कि चुनावी वादों/ गांरटी को पूरा करने के लिये धन नहीं है । चुनावों में सफलतापूर्वक लोगों की आंखों में धूल झोंकने के बाद क्या तेलंगाना के लिए भी भविष्य का यही खाका है ।’’
मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या आपको (इस तरह का) अपमानजनक बयान देने से पहले इसकी पड़ताल नहीं करनी चाहिए थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY