हुबली (कर्नाटक), दो सितंबर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज एस बोम्मई ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ ईंधन की बढ़ती खुदरा कीमतों के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘यह अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर निर्भर करता है और लोग इससे नाराज हैं।’’
बोम्मई ने कहा, ‘‘देखते हैं। मैं केंद्रीय मंत्रियों से (बढ़ती कीमतों पर) बात करूंगा।’’
कांग्रेस के इस आरोप पर कि कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद खुदरा कीमतें बढ़ी हैं, उन्होंने कहा कि कीमतें केवल उस कारक पर निर्भर नहीं करती हैं।
उन्होंने इस संबंध में रिफाइनिंग क्षेत्र की कंपनियों की वित्तीय स्थिति और तेल बॉन्ड (पिछली संप्रग सरकार द्वारा जारी) के बदले किए जाने वाले भुगतान सहित विभिन्न कारकों का उल्लेख किया।
बोम्मई ने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) इस बारे में जानते हैं। वे पहले सत्ता में थे। जब वे सत्ता में थे, तब भी कीमतें बढ़ी थीं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वित्त मंत्री (निर्मला सीतारमण) पांच सितंबर को (कर्नाटक) आ रही हैं। मैं उनके साथ चर्चा करूंगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY