देश की खबरें | कर्नाटक : मुख्यमंत्री ने दूषित पानी पीने से हुई मौत के मामले की जांच के आदेश दिए

बेंगलुरु, 12 जून कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कोप्पल और रायचूर जिलों में हाल में कथित तौर पर दूषित पानी पीने से हुई मौतों की जांच कराने के आदेश दिए।

उन्होंने जिला पंचायतों को मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो वे जिम्मेदार होंगे और उनका निलंबन होगा।

कर्नाटक के कुछ हिस्सों में पेयजल संकट की पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बैठक की।

बैठक के बाद सिद्धरमैया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने जांच कराने के लिए कहा है। दूषित पानी पीने से कोप्पल में दो लोगों और रायचूर में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मैंने मामले की जांच करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने को कहा है।’’

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के मुताबिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी ली। सीएमओ के मुताबिक सिद्धरमैया ने पूछा, ‘‘ आप लोग क्या कर रहे हैं? कार्यालय में बैठे नहीं रहें। इलाकों में जाकर विस्तृत अध्ययन करें ताकि दूषित जल की आपदा दोबारा नहीं आए। अगर ऐसा होता है तो आप जिम्मेदार होंगे।’’

उन्होंने मुख्य सचिव को कोप्पल और जहां पर दूषित पेयजल की वजह से लोगों की जान और स्वास्थ्य की समस्या हो वहां पर जांच कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ से जारी बयान के मुताबिक मुख्य सचिव ने कहा कि पहले ही स्थानीय स्तर पर मामले की जांच चल रही है और बेंगलुरु से भी टीम जांच के लिए भेजी गई है। मुख्य सचिव ने बताया कि दोनों रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)