बेंगलुरू, तीन नवम्बर कर्नाटक में बेंगलुरु शहरी जिला स्थित राजराजेश्वरी नगर विधानसभा सीट और तुमकुरु जिले की सिरा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार के कार्यालय ने बताया कि राजराजेश्वरी नगर सीट पर 45.24 प्रतिशत जबकि सिरा सीट पर 82.31 प्रतिशत मतदान हुए।
यह भी पढ़े | Fire in Ghaziabad: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के झुग्गियों में लगी भीषण आग, दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर.
सिरा के जद (एस) विधायक सत्यनारायण के निधन और आर. आर. नगर के कांग्रेस विधायक मुनीरत्ना के इस्तीफा देने के कारण इन सीटों पर उपचुनाव कराए गए हैं।
सिरा में सालूपाराहल्ली में एक मतदान केंद्र पर 94.3 प्रतिशत और सीबा में 93.15 और बायदराहल्ली में 91.17 प्रतिशत मतदान हुआ।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चला। दोनों सीटों पर 3,26,114 महिलाओं सहित कुल 6,78,012 मतदाता पंजीकृत थे।
उपचुनावों में कांग्रेस, भाजपा और जद (एस) प्रत्याशियों सहित कुल 31 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें सिरा में 15 और आर.आर. नगर के 16 उम्मीदवार शामिल हैं।
मतगणना 10 नवम्बर को होगी।
महामारी के मद्देनजर वोटरों और मतदान कर्मियों के लिए मास्क पहनना जरूरी बनाया गया। सभी मतदान केंद्रों पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनेटाइजर की भी व्यवस्था की गयी।
सिरा में 38 संक्रमित मतदाता थे।
आर आर नगर में उस समय तनाव की स्थिति हो गयी जब कुछ अर्द्धसैनिक भगवा मास्क पहने नजर आए। कांग्रेस की आपत्ति के बाद अधिकारियों ने ऐसे मास्क हटा दिए और दूसरे मास्क दिए गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY