देश की खबरें | हिप्र में 3,226 ग्राम पंचायतों तक पहुंचने के लिए कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान: प्रतिभा सिंह

शिमला, 23 जनवरी सत्तारूढ़ कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान 26 जनवरी को शुरू होगा, जिसमें हिमाचल में 7,881 मतदान केंद्रों और 3,226 ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाएगा। पार्टी की राज्य इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यहां मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की विफलताओं को उजागर करने वाले एक पत्र की प्रतियां दो महीने के अभियान के दौरान प्रत्येक घर में वितरित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि चूंकि कुछ क्षेत्र बर्फ से ढके रहेंगे, इसलिए वहां हम मार्च में अभियान शुरू करेंगे। सिंह ने कहा कि पार्टी के नेताओं की आवाज संसद में नहीं सुनी जा रही, इसलिए कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के माध्यम से अपनी आवाज उठाने के लिए मजबूर हुई तथा अब ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के माध्यम से अपनी आवाज पहुंचाएगी।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी लागू करने जैसे केंद्र सरकार के ‘‘गलत’’ फैसलों से महंगाई कई गुना बढ़ गई है, जबकि किसान आंदोलन कर रहे हैं और भाजपा को वोट देने वाले लोग निराश हैं।

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर साल दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था, अगर वादा पूरा होता तो आज तक करीब 16 करोड़ युवाओं को रोजगार मिल गया होता।

पार्टी ने कहा कि कांग्रेस 26 जनवरी से 26 मार्च तक अपने ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के दौरान देश भर के छह लाख गांवों और 2.5 लाख ग्राम पंचायतों में 10 लाख मतदान केंद्रों तक पहुंचेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)