देश की खबरें | जेकेएनपीपी के कार्यकारी अध्यक्ष डीपीएपी में शामिल

जम्मू, छह मई जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) के कार्यकारी अध्यक्ष पी. के. गंजू शनिवार को अपने समर्थकों सहित डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) में शामिल हो गए। डीपीएपी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

डीपीएपी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने पूरी गर्मजोशी से गंजू, जेकेएनपीपी के प्रवक्ता एस. बाली और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी और मजबूत होगी।

इससे पहले 19 अप्रैल को जेकेएनपीपी की महासचिव अनिता ठाकुर अपने समर्थकों के साथ डीपीएपी में शामिल हो गई थीं।

डीपीएपी की जम्मू इकाई के अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि प्रतिष्ठित राजनेताओं/राजनीतिक कार्यकर्ताओं का आजाद नीत पार्टी में शामिल होना दिखाता है कि पार्टी जम्मू-कश्मीर में तेजी से बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि जम्मू के मार्ह विधानसभा क्षेत्र की सामाजिक कार्यकर्ता शिविता भी बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ डीपीएपी में शामिल हुई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)