जम्मू, 22 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के सभी राजनीतिक नेताओं को जी20 प्रतिनिधियों का तहे दिल से स्वागत करना चाहिए।
जी20 पर्यटन कार्य समूह की तीसरी बैठक सोमवार को जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुरू हुई। इसका उद्देश्य केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देना है।
जम्मू-कश्मीर भाजपा के अध्यक्ष रविंद्र रैना ने यहां संवाददाताओं से कहा, “मैं अनुरोध करता हूं कि राजनीतिक दलों के सभी बड़े नेता जी20 टीम के सदस्यों का तहे दिल से स्वागत करें।”
उन्होंने कहा, “अतिथि देवो भव:, वसुधैव कुटुम्बकम हमारी परंपरा रही है। संवैधानिक पदों पर काम कर चुके फारुख अब्दुल्ला जैसे बड़े नेताओं का विदेश दौरों के दौरान विभिन्न देशों में हमेशा स्वागत हुआ है।”
उन्होंने कहा, अब हमारे घर मेहमान आए हैं, हमें प्यार और खुले दिल के साथ उनका स्वागत करना चाहिए।
जी-20 देशों के पर्यटन कार्य समूह की तीसरी बैठक के लिए करीब 60 विदेशी प्रतिनिधि सोमवार को श्रीनगर पहुंचे। अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और तत्कालीन राज्य को केंद्र शासित प्रदेशों - जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विभाजित करने के बाद यह कश्मीर में हो रही पहली अंतरराष्ट्रीय बैठक है।
रैना ने श्रीनगर में कार्यक्रम आयोजित करके जम्मू-कश्मीर को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY