एजेंसी न्यूज

Jharkhand By Election: रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक 15 फीसदी से अधिक मतदान

झारखंड की रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए सोमवार को हो रहे उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक 15.19 फीसदी मतदान हुआ

Jharkhand By Election: रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक 15 फीसदी से अधिक मतदान
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits ANI)

रामगढ़, 27 फरवरी झारखंड की रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए सोमवार को हो रहे उपचुनाव में सुबह नौ बजे तक 15.19 फीसदी मतदान हुआ. रामगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से विधानसभा उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रामगढ़ में शुरुआती दो घंटे में 15.19 फीसदी मतदान हुआ. यह भी पढ़ें: मेघालय और नागालैंड में वोटिंग जारी, बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार

हालांकि, रामगढ़ में 14 निर्दलीय सहित कुल 18 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन में सहयोगी कांग्रेस और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के बीच माना जा रहा है. आजसू ने उपचुनाव के लिए भाजपा के साथ गठबंधन किया है.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया, “लोकतंत्र को मजबूत करने और चुनाव में धनबल के प्रयोग को हराने के लिए रामगढ़ के लोग मतदान में हिस्सा ले रहे हैं. वे अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं. मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए आगे आएं.”

आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने मतदाताओं से राज्य के हित में मतदान करने का आग्रह किया.

वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट किया, “यह रामगढ़ के मतदाताओं के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लोकतंत्र को मजबूत करने का एक अवसर है.”

रामगढ़ में कांग्रेस विधायक ममता देवी को एक आपराधिक मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद उनकी अयोग्यता के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया था.

कांग्रेस ने इस सीट से ममता देवी के पति बजरंग महतो को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि आजसू पार्टी ने सुनीता चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है. रामगढ़ उपचुनाव में 1.61 लाख महिलाओं सहित 3.34 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 27, 2023 11:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).