चाईबासा, 27 अगस्त सुरक्षा बलों ने रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के एक जंगली इलाके में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के शिविर का भंडाफोड़ किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष शेखर ने कहा कि वनग्राम, उलीबेरा और गितिलिपि गांवों के पास जंगलों में माओवादी नेताओं की गतिविधियों के बारे में एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और खूंटी जिलों के सीमावर्ती इलाकों में एक अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान शिविर का भंडाफोड़ किया गया जहां से चावल, दाल, जूते और बैटरी सहित दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं बरामद की गईं।
एसपी ने कहा कि यह अभियान शीर्ष माओवादी नेता मिसिर बेसरा की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद 11 जनवरी से सुरक्षाकर्मियों द्वारा शुरू किए गए व्यापक संयुक्त अभ्यास का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि मिसिर बेसरा के सिर पर एक करोड़ रूपये का इनाम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY