कोलंबो, 19 मार्च भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव जय शाह का एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल शनिवार को एक साल के लिए बढ़ा दिया गया।
यह फैसला यहां एसीसी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में सर्वसम्मति से लिया गया।
शाह ने पिछले साल जनवरी में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष नजमुल हसन से एसीसी की बागडोर संभाली थी, जिससे वह एसीसी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त होने वाले सबसे कम उम्र के प्रशासक बने थे।
एजीएम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि एसीसी का मुख्य ध्यान इस क्षेत्र में खेल के विकास को आगे बढ़ाने पर होगा।
शाह ने कहा, ‘‘ हम इस क्षेत्र में क्रिकेट के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, विशेष रूप से महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने के साथ हमारा ध्यान एसीसी द्वारा इस क्षेत्र में साल भर आयोजित होने वाले कई जमीनी स्तर के टूर्नामेंटों पर होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद है कि हमने महामारी को पीछे छोड़ दिया है और मैं इस बात को लेकर उत्सुक हूं कि हम एसीसी को यहां से मजबूती से आगे बढ़ने में मदद करेंगे।’’
शाह के कार्यकाल विस्तार का प्रस्ताव श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने किया था और एसीसी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से उनके नामांकन का समर्थन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY