जम्मू, 29 अप्रैल जम्मू-कश्मीर में 426 कैदियों की क्षमता वाली अम्फाला जिला जेल में 700 से भी ज्यादा कैदी बंद हैं, जबकि जेल का प्रबंधन कर रहे कर्मचारियों की संख्या स्वीकृत पदों की आधी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि जेल में बंद कैदियों में एक पाकिस्तानी नागरिक सहित छह विदेशी कैदी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर विधिक सेवा प्राधिकरण (एलएसए) के कार्यकारी अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ताशी राबस्तान को इसकी जानकारी दी गई है।
न्यायमूर्ति ताश जिला जेल में कैदियों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने सजा काट रहे कैदियों की संख्या के अलावा जम्मू-कश्मीर, अन्य राज्यों और विदेश के विचाराधीन कैदियों के बारे में पूछा।
अधिकारी ने बताया कि न्यायमूर्ति ताश को सूचित किया गया कि अम्फाला जिला जेल की कुल क्षमता 426 कैदियों की है, लेकिन वर्तमान में वहां 700 से ज्यादा कैदी बंद हैं, जबकि कर्मचारियों की संख्या भी स्वीकृत पदों की आधी है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि जेल में छह विदेशी नागरिक बंद हैं, जिनमें से म्यामां के एक नागरिक को सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत में लिया गया है, एक बांग्लादेशी नागरिक को विदेशी अधिनियम में दोषी ठहराया गया है और एक डच नागरिक हत्या के मामले में मुकदमे का सामना कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा, एक पाकिस्तानी और दो बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY