देश की खबरें | जम्मू कश्मीर: स्मार्ट सिटी मिशन के तहत श्रीनगर में पैदल यात्रियों के लिए होगा 80 किमी लंबा पथ

श्रीनगर, तीन जून जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में 'स्मार्ट सिटी मिशन' योजना के तहत जल परिवहन और विद्युत चालित बस सेवा के अलावा पैदल यात्रियों के लिए 80 किलोमीटर लंबा पथ विकसित किया जाएगा।

इसे किसी भी भारतीय शहर के लिए एक अभूतपूर्व व्यवस्था बताया जा रहा है।

श्रीनगर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अतहर आमिर खान ने बताया कि पूरे शहर मे साइकिल ट्रैक, मजबूत सीवरेज प्रणाली तथा भूमिगत विद्युत नेटवर्क स्थापित किया जा रहा है।

खान ने कहा कि केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे मिशन के तहत सभी परियोजनाएं शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, शहरी सेवाओं में सुधार करेंगी, सार्वजनिक सौंदर्य और जीवन को आसान बनाएंगी और स्वच्छ एवं टिकाऊ पर्यावरण मुहैया करेंगी।

उन्होंने कहा, "हमने श्रीनगर में 80 किलोमीटर लंबा पैदल पथ निर्मित करने की योजना बनाई है, जो देश के किसी भी शहर के लिए अभूतपूर्व है। शहर पैदल यात्रियों के अनुकूल होना चाहिए।"

पिछले महीने, केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने कुछ शहरों के अनुरोध के बाद स्मार्ट सिटी मिशन की समय सीमा जून 2024 तक बढ़ा दी थी, इससे पहले यह समय सीमा जून 2023 थी।

स्मार्ट सिटी परियोजना शहरों के पुर्नविकास के लिए 2015 में शुरू की गई थी। यह केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)