देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल सिन्हा ने शहीद पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट के परिवार से मुलाकात की

श्रीनगर, 18 सितंबर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अनंतनाग जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट के आवास पर जाकर शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को हरसंभव सहायता का सोमवार को आश्वासन दिया।

आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में पिछले बुधवार को भट के अलावा, 19 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष ढोचक और एक सैनिक शहीद हो गये थे।

जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के गडोले वन क्षेत्र में छिपे आतंकवादियों का सफाया करने का अभियान सोमवार को छठे दिन भी जारी है।

सिन्हा ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज बहादुर शहीद पुलिस उपाधीक्षक हुमायूं भट के परिवार से मिलने के लिए हुमहामा, बडगाम का दौरा किया और अपनी संवेदना व्यक्त की। परिवार को केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की ओर से सभी सहायता और समर्थन का आश्वासन दिया। पूरा देश शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़ा है।’’

उपराज्यपाल ने शोक संतप्त परिवार के साथ कुछ समय बिताया।

सिन्हा ने रविवार देर शाम यहां एक समारोह में कहा कि शहीदों के खून की एक-एक बूंद का बदला लिया जायेगा और आतंकवादी आकाओं को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने सैनिकों पर पूरा भरोसा है... पूरा देश जवानों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)