श्रीनगर, 31 जनवरी कश्मीर में अधिकारियों ने प्रभावशाली लोगों द्वारा अतिक्रमित जमीनों को मुक्त कराने के लिए मंगलवार को एक अभियान चलाया और एक पूर्व मंत्री, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिवार और एक कारोबारी के आवास की चारदीवारी ध्वस्त कर सरकारी जमीन पर से अतिक्रमण हटाया।
अधिकारियों ने बताया कि राजस्व विभाग ने यहां 40 कनाल जमीन एमए रोड पर मुक्त कराई है, जिसपर कथित रूप से होटल नेडो के मालिक ने कब्जा कर रखा था।
उन्होंने बताया कि होटल के मालिकों का नेशनल कांफ्रेंस के अब्दुल्ला परिवार से कथित संबंध है।
अधिकारियों ने बताया कि होटल का निर्माण 153 कनाल जमीन पर हुआ था, जिसमें से 40 कनाल जमीन सरकारी थी और बाकी की जमीन पट्टे पर ली गई थी।
उन्होंने बताया कि अतिक्रमण रोधी अभियान के तहत चारदीवारी और शेड को ध्वस्त कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के दमहाल कोशीपुरा में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता पीरजादा मोहम्मद सैय्यद के आवास की बाहरी दीवार और सुरक्षा बंकर को राजस्व विभाग की टीम ने ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि उक्त ढांच सरकारी जमीन पर स्थित था।
मौके पर मौजूद दमहाल के नायब तहसीलदार मोहम्मद यासीन ने बताया कि सैय्यद ने सरकारी जमीन पर ‘अवैध’ कब्जा किया था।
उन्होंने बताया,‘‘हमने सरकारी जमीन पर निर्मित बाहरी दीवार और कुछ बंकर को ध्वस्त कर दिया है। हम इस जमीन का इस्तेमाल खेल के मैदान या अस्पताल के लिए कर सकते हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में राजस्व विभाग ने पुलिस उपमहानिरीक्षक पद के अधिकारी के परिवार की अनंतनाग के मट्टन इलाके स्थित बागान की दीवार को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि जमीन की पैमाइश की गई तो पाया गया कि परिवार ने करीब आधे कनाल जमीन पर ‘अवैध’ कब्जा कर रखा है।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर के करण नगर में भी अतिक्रमण रोधी अभियान चलाकर 12.5 कनाल जमीन को मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया कि सरकारी जमीन पर बनी तीन इमारतों को भी सील किया गया है जिनमें कुछ दुकानें थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY