देश की खबरें | जम्मू कश्मीर : रमजान के दौरान गुलमर्ग में आयोजित फैशन शो की आलोचना

श्रीनगर/जम्मू, नौ मार्च रमजान के महीने में शीतकालीन पर्यटन स्थल गुलमर्ग में आयोजित फैशन शो की व्यापक आलोचना होने के बीच रविवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मामले को लेकर रिपोर्ट तलब की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस मुद्दे पर कश्मीर के मीरवाइज उमर फारूक ने कहा है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मीरवाइज फारूक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह बेहद शर्मनाक है! रमजान के पवित्र महीने में गुलमर्ग में एक अश्लील फैशन शो आयोजित किया गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। सूफी संत संस्कृति और लोगों के गहरे धार्मिक दृष्टिकोण के लिए जानी जाने वाली घाटी में इसे कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है?’’

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन में शामिल लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

मीरवाइज ने कहा, ‘‘इसमें शामिल लोगों को तुरंत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर इस तरह की अश्लीलता कश्मीर में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’

मीरवाइज की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘लोगों में गुस्सा बिल्कुल समझ जा सकता है। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं, उनमें स्थानीय संवेदनाओं के प्रति पूरी तरह से उपेक्षा दिखाई देती है और वह भी (रमजान के) इस पवित्र महीने के दौरान।’’

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘मेरा कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मैंने अगले 24 घंटों के भीतर रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

सामाजिक कार्यकर्ता राजा मुजफ्फर भट ने इस कार्यक्रम को कश्मीर के नैतिक और धार्मिक मूल्यों को नष्ट करने का प्रयास बताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)