नयी दिल्ली, 21 फरवरी विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को गुयाना के उपराष्ट्रपति भरत जगदेव के साथ बातचीत की जिसमें कारोबार, ऊर्जा और कृषि जैसे क्षेत्रों में संबंधों को गति देने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
गुयाना के उपराष्ट्रपति जगदेव अभी भारत की यात्रा पर आए हुए हैं।
जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ गुयाना के उपराष्ट्रपति भरत जगदेव की भारत यात्रा के दौरान उनसे मिलकर खुश हूं। हमने ऐतिहासिक संबंधों और सामयिक गठजोड़ में वृहद अवसर खास तौर पर कारोबार, ऊर्जा, कृषि, कौशल एवं लोगों के बीच सम्पर्क पर ध्यान देने के बारे में चर्चा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने इस बात पर भी सहमति व्यक्त की कि भारत-कैरिकॉम के बीच सम्पर्क से संबंध और प्रगाढ़ बनेंगे। हमने उन्हें आश्वासन दिया कि जी20 समूह की भारत की अध्यक्षता के दौरान वैश्विक दक्षिण का मजबूत प्रतिनिधित्व रहेगा।’’
गौरतलब है कि कैरिकोम कैरेबियाई समुदाय के 20 द्वीपीय देशों का समूह है जहां करीब 1.6 करोड़ लोग रहते हैं ।
इसके अलावा, जयशंकर ने आज अमेरिका के देलावारे राज्य के गर्वनर जॉन कार्ने से भी मुलाकात की।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY