देश की खबरें | ‘इंडिया’ को ‘घमंडिया’ कहना भाजपा का अहंकार: पवार

मुंबई, एक सितंबर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को "घमंडिया" कहे जाने से अहंकार झलकता है।

विपक्ष की दो-दिवसीय बैठक के समापन के बाद पवार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कौन घमंडिया है… जो लोग हमारा मिलना-जुलना भी पसंद नहीं करते।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री का कहना था कि ‘इंडिया’ गठबंधन ने देश के लोगों को एक विश्वसनीय विकल्प पेश किया है।

उन्होंने कहा, “हम कभी कुछ गलत नहीं करेंगे। हम गलत पक्ष लेने वालों को सही रास्ते पर लाने का प्रयास करेंगे, लेकिन हम उन लोगों को किनारे करने में संकोच नहीं करेंगे, जो सही रास्ता अपनाने से इनकार करते हैं।’’

पवार ने कहा कि गठबंधन के नेताओं ने देश से संबंधित गंभीर मुद्दों और उनकी भविष्य की रणनीति पर चर्चा की।

उनका कहना था, “प्रत्येक राज्य के अलग-अलग मुद्दे हैं। किसानों, मजदूरों और युवाओं की भी अलग-अलग समस्याएं हैं। लोग भाजपा सरकार से खुश नहीं हैं।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)