देश की खबरें | ईस्पोर्ट्स 2025 केआईवाईजी में प्रदर्शनी खेल के रूप में शुरुआत करेगा

नयी दिल्ली, चार अप्रैल  ईस्पोर्ट्स बिहार में चार से 15 मई तक आयोजित होने वाले खेलो इंडिया युवा खेल (केआईवाईजी) में प्रदर्शनी खेल के रूप में शुरुआत करेगा।

  केआईवाईजी 2025 इस टूर्नामेंट का सातवां चरण है जिसकी मेजबानी बिहार के पांच शहर (पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय) करेंगे। इस दौरान निशानेबाजी, जिम्नास्टिक और साइकिलिंग की ट्रैक स्पर्धाओं का आयोजन नयी दिल्ली में होगा।

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा, ‘‘खेलो इंडिया युवा खेल 2025 का आयोजन बिहार में होगा, जहां ईस्पोर्ट्स एक प्रदर्शनी खेल के रूप में अपनी शुरुआत करेगा।’’

उन्होंने बताया, ‘‘ इस आयोजन में 28 खेल शामिल होंगे जिसमें, 27 प्रतिस्पर्धी और ईस्पोर्ट्स प्रदर्शनी खेल के तौर पर शामिल होगा।’’

इन खेलों में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइकिलिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, गटका, जिम्नास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलरीपयट्टू, खो-खो, मल्लखंभ, निशानेबाजी, तैराकी, सेपकटकरा, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग-टा, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, कुश्ती, योगासन और रग्बी के साथ प्रदर्शनी खेल के तौर पर ईस्पोर्ट्स शामिल है।

ईस्पोर्ट्स ने इंडोनेशिया (जकार्ता और पालेमबांग) में 2018 एशियाई खेलों में एक प्रदर्शनी खेल के रूप में शुरुआत की, और 2022 हांगझोऊ एशियाई खेलों में एक पदक खेल बन गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)