जेनिन शरणार्थी शिविर पर बड़े पैमाने पर छापामार कार्रवाई सोमवार को शुरू हुई थी। वेस्ट बैंक में पिछले दो दशकों में यह सबसे गहन सैन्य अभियान है। इसमें 2000 के दशक की शुरुआत में दूसरे फिलिस्तीनी विद्रोह के दौरान इजरायली सैन्य रणनीति की झलक मिलती है। दरअसल, इजराइली बस्तियों पर सिलसिलेवार हमलों के जवाब में कड़ी प्रतिक्रिया देने के लिए प्रधानमंत्री बेन्जिमन नेतन्याहू पर सहयोगी दलों का दबाव बढ़ रहा है। पिछले सप्ताह इजराइली बस्तियों पर किए गए हमलों में चार लोगों की मौत हो गई थी।
तेल अवीव में इजराइली चिकित्सा कर्मियों ने कहा कि एक कार ने फुटपाथ पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे चार लोग घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता एलि लेवी ने दावा किया कि यह घटना जानबूझकर किया गया हमला था और एक आम नागरिक ने घटनास्थल पर ही वाहन चालक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
हमास उग्रावादी समूह ने इस हमले की सराहना की और इसे ''जेनिन में सैन्य अभियान का बदला'' करार दिया।
इससे पहले दिन में, जेनिन की सड़कों पर मलबा फैला हुआ था और दुकानों को नुकसान पहुंचने की खबरें थीं। उत्तरी वेस्ट बैंक शहर में शिविर के ऊपर आसमान में काले धुएं के गुबार समय-समय पर दिखते रहे।
जेनिन के मेयर निदाल अल-औबेदी ने कहा कि करीब 4,000 फलस्तीनी शरणार्थी शिविर को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की तलाश में चले गए हैं। निवासियों ने कहा कि शिविर में बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं।
इजराइली छापेमारी के खिलाफ दिन में वेस्ट बैंक में फलस्तीनियों ने हड़ताल की।
इस बीच, फिलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि दो दिनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है, रात में दो और मौतें हुईं। इज़राइली सेना ने दावा किया है कि सभी आतंकवादी थे, लेकिन विवरण नहीं दिया।
मंगलवार के ऑपरेशन के दौरान सेना ने कहा कि उसने हथियार जब्त किए हैं और जेनिन शरणार्थी शिविर में एक मस्जिद के नीचे सुरंगों को ध्वस्त कर दिया है।
इजराइली मीडिया की खबरों में कहा गया है कि सोमवार से जारी अभियान में सेना ने कम से कम 120 संदिग्ध फलस्तीनी आतंकियों को गिरफ्तार किया है।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY