देश की खबरें | असम के 25 जिलों में सरकारी परीक्षा के दौरान इंटरनेट सेवा निलंबित की गई

गुवाहाटी/सिलचर, 21 अगस्त असम सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रेड-चार के पदों के लिए लिखित परीक्षा के दौरान कदाचार को रोकने के लिए राज्य के 25 जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को रविवार को चार घंटे के लिए निलंबित कर दिया गया।

एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, उन जिलों में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है, जहां परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।

सिलचर में कछार कॉलेज के प्राचार्य को परीक्षा आयोजित करने में कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस ने कहा कि कछार जिले के उपायुक्त ने संस्थान का दौरा करने के बाद प्राचार्य सिद्धार्थ शंकर नाथ के खिलाफ आज सुबह सिलचर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

उपायुक्त ने दावा किया कि प्राचार्य दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा आयोजित करने में विफल रहे हैं।

पुलिस ने कहा कि शिकायत के आधार पर नाथ को हिरासत में लिया गया है।

इक्कीस और 28 अगस्त तथा 11 सितंबर को आयोजित की जा रही परीक्षाओं में ग्रेड-तीन और ग्रेड-चार के लगभग 30,000 पदों के लिए 14.30 लाख से अधिक उम्मीदवारों के बैठने की उम्मीद है। ग्रेड-चार की परीक्षाएं रविवार को दो पालियों में हुईं, जबकि ग्रेड-तीन के पदों के लिए अन्य दो तिथियों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, असम (एसईबीए) द्वारा आयोजित की जा रही हैं।

निजी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी एयरटेल और रिलायंस जियो के वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि असम सरकार के निर्देश के अनुसार 25 जिलों में चार घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)