नयी दिल्ली, छह अगस्त उद्योग जगत का मानना है कि कोविड-19 महामारी के बाद आर्थिक पुनरुद्धार की मौजूदा वैश्विक स्थिति को देखते हुए चालू वित्त वर्ष के लिए 400 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य हासिल होने के योग्य है।
उद्योग और निर्यातकों ने यह राय जताते हुए कहा कहा है कि वैश्विक स्तर पर भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ रही है।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने कहा कि निर्यात के लिए रणनीति तथा सभी को साथ लेकर चलने से बेहतर नतीजे हासिल होंगे।
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चालू वित्त वर्ष के लिए 400 अरब डॉलर के निर्यात का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया, लेकिन यह हासिल होने योग्य है।’’
परिधान निर्यात संवर्द्धन परिषद (एईपीसी) के चेयरमैन ए शक्तिवेल ने कहा कि निर्यात से किसानों तथा देश के कारीगरों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
शक्तिवेल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने पूरे समर्थन का भरोसा दिलाया है। इससे निर्यातक आगे बढ़कर चालू वित्त वर्ष के लिए 400 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेंगे।’’
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को निर्यात लक्ष्य पर भारतीय मिशनों के प्रमुखों तथा व्यापार और वाणिज्य क्षेत्र के अंशधारकों के साथ चर्चा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY