जरुरी जानकारी | उद्योग जगत भारत के आर्थिक पुनरुद्धार, विस्तार को लेकर आश्वस्त: सर्वेक्षण

नयी दिल्ली, 14 जनवरी कोविड-19 संक्रमण के मामलों में वृद्धि के बावजूद भारतीय कंपनियों में आशावाद और आत्मविश्वास उच्च स्तर पर है, और उद्योग जगत देश के आर्थिक पुनरुद्धार तथा विस्तार को लेकर सकारात्मक है। एक सर्वेक्षण में यह बात सामने आई।

डेलॉयट टच तोमात्‍सु इंडिया एलएलपी (डीटीटीआईएलएलपी) के बजट से पहले किए गए सर्वेक्षण के अनुसार 75 प्रतिशत से अधिक प्रतिभागी भारत के आर्थिक पुनरुद्धार और विस्तार के बारे में सकारात्मक थे। इस सर्वेक्षण में 10 उद्योगों के कुल 163 लोगों से बात की गई।

सर्वेक्षण में आगे कहा गया कि लगभग 91 प्रतिशत प्रतिभागियों (पिछले वर्ष 58 प्रतिशत की तुलना में) का मानना ​​​​है कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा मौद्रिक उपायों ने साथ मिलकर अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में योगदान दिया।

डीटीटीआईएलएलपी ने एक बयान में कहा कि उद्योग प्रमुख वित्त वर्ष 2022-23 के आम बजट से इस गति को बनाए रखने की उम्मीद करते हैं।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को संसद में आम बजट पेश करने वाली हैं।

सर्वेक्षण के अनुसार लगभग 55 प्रतिशत प्रतिभागियों का मानना ​​है कि बुनियादी ढांचे में निवेश के लिए लंबी अवधि के निवेशकों को अतिरिक्त कर प्रोत्साहन मिलने से देश के विकास को बढ़ावा मिल सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)