जरुरी जानकारी | इंडिगो की प्रवर्तक शोभा गंगवाल ने 2,801 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे

नयी दिल्ली, 16 अगस्त इंडिगो एयरलाइन का परिचालन करने वाली कंपनी इंटरग्लोब एविएशन की प्रवर्तक शोभा गंगवाल ने बुधवार को करीब 2.9 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,800 करोड़ रुपये से अधिक राशि में बेच दी। यह सौदा खुले बाजार में लेन-देन के जरिये हुआ।

शोभा गंगवाल कंपनी के सह-संस्थापक राकेश गंगवाल की पत्नी हैं। शेयर की बिक्री तीन थोक सौदों में की गयी।

बीएसई में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शोभा गंगवाल के 3,841,121 शेयर 2,424.21 रुपये प्रति इक्विटी के भाव पर जबकि 3,841,120 शेयर दो बार में क्रमश: 2,440.92 और 2,427.09 रुपये प्रति इक्विटी के भाव पर बेचे गये।

कुल मिलाकर 2,801.79 करोड़ रुपये में ये शेयर बेचे गये। बेचे गए शेयर कंपनी में करीब 2.9 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।

शेयरों की बिक्री बुधवार को बीएसई में बंद भाव के मुकाबले कम दर पर की गयी है। बीएसई में कंपनी का शेयर 2,457.60 रुपये प्रति इक्विटी पर रहा।

जून तिमाही के अंत में इंटरग्लोब एविएशन में राकेश गंगवाल और उनकी पत्नी शोभा गंगवाल के पास क्रमश: 13.23 प्रतिशत और 2.99 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

चिंकरपू फैमिली ट्रस्ट के पास 13.50 प्रतिशत शेयरधारिता है। इसमें शोभा गंगवाल और अमेरिकी कंपनी जेपी मॉर्गन ट्रस्ट कंपनी न्यासी है।

एक साल से भी कम समय में यह तीसरा मौका है जब राकेश गंगवाल एवं उनसे संबंधित व्यक्तियों ने इंटरग्लोब एविएशन के शेयर बेचे हैं।

इस साल, फरवरी में भी शोभा गंगवाल ने कंपनी में चार प्रतिशत हिस्सेदारी 2,944 करोड़ रुपये में बेची थी। इससे पहले, पिछले साल सितंबर में राकेश गंगवाल और शोभा गंगवाल ने 2.74 फीसदी हिस्सेदारी 2,005 करोड़ रुपये में बेची थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)