विदेश की खबरें | चीन में भारत के राजदूत प्रदीप रावत ने राष्ट्रपति शी को परिचय पत्र सौंपा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

बीजिंग, 25 अप्रैल बीजिंग में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने सोमवार को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को अपना परिचय पत्र सौंपा।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, राष्ट्रपति शी ने रावत समेत चीन में 70 राजदूतों के परिचय पत्र प्राप्त किए।

शी को परिचय पत्र सौंपने वाले राजदूतों में चीन में अमेरिका के राजदूत रॉबर्ट निकोलस बर्न्स भी शामिल रहे।

रावत ने मार्च 2022 में बीजिंग में भारत के राजदूत के तौर पर विक्रम मिसरी का स्थान लिया था।

भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1990 बैच के अधिकारी रावत पहले नीदरलैंड में भारत के राजदूत थे।

रावत की नियुक्ति ऐसे वक्त में हुई है जब दोनों देशों के बीच पूर्वी लद्दाख सीमा पर गतिरोध बना हुआ है। दोनों देशों ने इस मुद्दे को हल करने के लिए सैन्य स्तर की 18 चरण की वार्ता की है।

इससे पहले, अपने राजनयिक करियर में रावत ने हांगकांग और बीजिंग में काम किया है। रावत सितंबर 2017 से दिसंबर 2020 तक इंडोनेशिया तथा तिमोर-लेस्ते में भारत के राजदूत रहे। वह मंदारिन धाराप्रवाह बोलते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)