देश की खबरें | दूसरी रैंकिंग सीरिज से बाहर रहेंगे भारतीय पहलवान, खेल मंत्रालय ने डब्ल्यूएफआई पर ठीकरा फोड़ा

नयी दिल्ली, 14 फरवरी भारतीय पहलवान अल्बानिया में वर्ष की दूसरी रैंकिंग सीरिज से बाहर रहेंगे चूंकि खेल मंत्रालय ने यह कहकर मंजूरी रोक दी कि भारतीय कुश्ती महासंघ ने समय पर जरूरी अनुशंसा जमा नहीं की ।

मंत्रालय और निलंबित डब्ल्यूएफआई के बीच मतभेदों के चलते भारतीय पहलवान क्रोएशिया के जगरेब में पहली रैंकिंग सीरिज से बाहर रह चुके हैं ।

मंत्रालय ने दिसंबर 2023 को डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया था लेकिन अंतरराष्ट्रीय कुश्ती से उसे मान्यता मिली हुई है । उसने ऐन मौके पर भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) को प्रस्ताव भेजा था ।

एक सूत्र ने पीटीआई को बताया ,‘‘ डब्ल्यूएफआई ने ऐन मौके पर प्रस्ताव भेजा और प्रस्तावित नाम भेजने में भी विलंब हुआ । इसलिये मंजूरी नहीं दी जा सकी । ’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिये खिलाड़ियों को मंजूरी देने को हमेशा तैयार रहते हैं लेकिन प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है । यह भी स्पष्ट नहीं है कि टीम कैसे चुनी गई क्योंकि डब्ल्यूएफआई ने कोई ट्रायल नहीं कराये थे ।’’

दूसरा रैंकिंग सीरिज टूर्नामेंट 26 फरवरी से दो मार्च तक अल्बानिया में होगा । इसके बाद अम्मान में 25 से 30 मार्च तक सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप होगी , मंगोलिया में 29 मई से एक जून तक तीसरी रैंकिंग सीरिज, हंगरी में 17 से 20 जुलाई तक चौथी रैंकिंग सीरिज होगी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)