देश की खबरें | विदेशी कोच के बिना एशियाई खेलों में उतरना पड़ सकता है भारतीय शाटगन निशानेबाजों को

नयी दिल्ली, 15 सितंबर भारत के शॉटगन निशानेबाजों को एशियाई खेलों में दो विदेशी कोच इटली के मार्सेलो ड्राडी और एन्नियो फाल्को की सेवाएं मिलने की संभावना नहीं है।

इन दोनों विदेशी कोच के एक्रीडिटेशन (मान्यता पत्र) और अनुबंध संबंधी अन्य तकनीकी कारणों से एशियाई खेलों में जाना मुश्किल है।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने इस साल के शुरू में ट्रैप कोच ड्रैडी और स्कीट विशेषज्ञ फाल्को को भारत का शॉटगन कोच नियुक्त किया था।

ड्रैडी का एशियाई खेलों में जाना नामुमकिन लगता है क्योंकि उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के साथ तब अनुबंध किया था जबकि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) खिलाड़ियों और उनके साथ जाने वाले अधिकारियों की सूची को अंतिम रूप देकर उसे हांगझोउ एशियाई खेलों की आयोजन समिति को भेज चुका था।

एनआरएआई सचिव राजीव भाटिया ने पीटीआई को बताया कि भारतीय कोच विक्रम चोपड़ा ट्रैप टीम के साथ जाएंगे जबकि जितेंद्र बेनीवाल के स्कीट टीम के साथ यही भूमिका निभाने की संभावना है।

उन्होंने कहा,‘‘ उन्होंने (विदेशी कोच) ने तब अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे जबकि भारतीय ओलंपिक संघ खिलाड़ियों और अधिकारियों की लंबी सूची तैयार करके उसे एशियाई खेलों के आयोजकों को भेज चुका था। यही वजह है कि उनका एशियाई खेलों में जाने की संभावना नहीं है।’’

भाटिया ने कहा, ‘‘विक्रम चोपड़ा ट्रैप टीम के साथ कोच की भूमिका निभाएंगे जबकि स्कीट में जितेंद्र बेनीवाल के जाने की संभावना है। हम स्कीट के लिए उनका नाम शामिल करने के लिए दबाव डाल रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)