लंदन, 18 जून भारतीय मूल के 38 वर्षीय एक व्यक्ति की दक्षिण लंदन के बाहर एक ‘अपार्टमेंट ब्लॉक’ के बाहर चाकू मारकर हत्या कर दी गई और इस मामले में आरोपी एक 25 वर्षीय व्यक्ति है। ब्रिटिश पुलिस ने यह जानकारी दी।
स्कॉटलैंड यार्ड (महानगर पुलिस) ने कहा कि उसकी विशेषज्ञ अपराध कमान जांच का नेतृत्व कर रही है। शुक्रवार को साउथवार्क के साउथम्पटन वे में एक आवासीय संपत्ति के बाहर चाकू से किये गये हमले में अरविंद शशिकुमार की मौत हो गई।
महानगर पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है और सलमान सलीम (25) नाम के व्यक्ति पर शनिवार को हत्या का आरोप दर्ज किया, जब वह हिरासत में भेजे जाने के लिए क्रोयडोन मजिस्ट्रेट कोर्ट में उपस्थित हुआ था।
सलीम को मंगलवार को लंदन स्थित ओल्ड बेली अदालत में पेश किया जाना है।
केम्बरवेल से लेबर पार्टी के सांसद हैरियट हर्मन ने शुक्रवार को हुई घटना के शीघ्र बाद ट्वीट किया, ‘‘साउथम्पटन वे में वीभत्स घटना हुई। शोकसंतप्त परिवार के प्रति सहानुभूति है।’’
महानगर पुलिस ने बताया कि शशिकुमार का परिवार मूल रूप से कथित तौर पर केरल से है, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY