विदेश की खबरें | भारतीय मूल के ब्रिटिश ने अवैध तरीके से ‘ड्राइविंग टेस्ट’ देने की बात कबूल की
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, 28 जून ब्रिटेन के विभिन्न हिस्सों में अंग्रेजी नहीं बोल पाने वाले लोगों की ओर से 36 से अधिक बार अवैध तरीके से ‘ड्राइविंग थ्योरी’ परीक्षा देने के मामले में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को जेल की सजा काटनी पड़ सकती है।

‘द रीडिंग क्रॉनिकल’ अखबार की एक खबर के अनुसार सतविंदर सिंह (34) ने हर बार किसी और के बदले ‘ड्राइविंग थ्योरी’ परीक्षा देने के लिए 1500-1500 पाउंड लिये, जबकि परीक्षा का शुल्क केवल 23 पाउंड है।

यह पाया गया कि सिंह ने चार वर्षों में दक्षिणी इंग्लैंड के रीडिंग क्षेत्र सहित कई स्थानों पर इतनी सारी परीक्षा दीं कि ब्रिटेन की ‘ड्राइविंग और वाहन मानक एजेंसी’ (डीवीएसए) ने उसे पकड़ने के लिए परीक्षण केंद्रों पर उसकी तस्वीर लगा दी।

उसे इस महीने की शुरुआत में तब गिरफ्तार किया गया था जब उसने अमृतपाल सिंह के नाम से ड्राइविंग लाइसेंस के लिए परीक्षा दी।

रीडिंग मजिस्ट्रेट अदालत में इस सप्ताह पेश हुए सिंह ने गलत जानकारी देकर धोखाधड़ी करने की बात कबूल की।

उसे बाद में किसी तारीख को सजा सुनाने के लिए बुलाया जाएगा। इस बीच सिंह को इस शर्त पर जमानत दे दी गयी है कि वह कोई और ‘ड्राइविंग थ्योरी’ परीक्षा नहीं देगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)