FIFA World Cup 2026 Qualifiers: हमारे साथ अन्याय हुआ...कतर से मिली हार के बाद भारतीय फुटबॉल टीम के कोच स्टिमक का बड़ा बयान
भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने कहा कि कतर के खिलाफ मैच में उनके साथ अन्याय हुआ जिसके कारण टीम का विश्व कप क्वालीफाइंग के तीसरे दौर में पहुंचने का सपना टूट गया.
दोहा, 12 जून: भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने कहा कि कतर के खिलाफ मैच में उनके साथ अन्याय हुआ जिसके कारण टीम का विश्व कप क्वालीफाइंग के तीसरे दौर में पहुंचने का सपना टूट गया. भारत को इस मैच में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. यह भी पढ़ें: QAT Beat IND, FIFA World Cup 2026 Qualifiers: फीफा विश्व कप क्वालीफायर में क़तर ने भारत को 2-1 से हराया; टीम इंडिया की विश्व कप खेलने की उम्मीदें खत्म
भारतीय टीम लालियानजुआला चांगटे के 37वें मिनट में किये गये गोल की बदौलत निर्धारित समय से 15 मिनट पहले तक आगे चल रही थी. लेकिन दक्षिण कोरिया के रेफरी ने कतर के गोल को सही करार दे दिया जबकि ऐसा लग रहा था कि गेंद खेल के क्षेत्र से बाहर जा चुकी थी.
इस विवादास्पद फैसले के कारण भारत की लय प्रभावित हुई और एशियाई चैम्पियन कतर ने 85वें मिनट में अहमद अल रावी की बदौलत अपना दूसरा गोल कर दिया. स्टिमक ने मैच के बाद कहा,‘‘कतर आज भाग्यशाली रहा क्योंकि उसने विवादित गोल से वापसी की. यह अनियमित गोल था और मैं इसकी पुष्टि कर सकता हूं क्योंकि मैंने रिप्ले देखा है. गेंद खेल के क्षेत्र से बाहर जा चुकी थी लेकिन तब भी गोल दिया गया.’’
उन्होंने कहा,,‘‘आज की फुटबॉल में ऐसा नहीं होना चाहिए क्योंकि एक गोल से पूरे मैच का पैसा पलट जाता है. ऐसा कतर के खिलाफ भी हो सकता था. मैं कोई बहाना नहीं बना रहा हूं.’’ स्टिमक ने कहा,‘‘मैं बहुत बुरा महसूस कर रहा हूं क्योंकि आपके 23 खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की और वह कुछ हासिल करने का सपना देख रहे थे. लेकिन उनका सपना टूट गया क्योंकि हम इस तरह की घटनाओं को नहीं रोक सकते हैं;’’
भारतीय कोच ने खिलाड़ियों की प्रशंसा की लेकिन साथ ही कहा कि टीम को पहले हाफ में तीन गोल करने चाहिए थे. स्टिमक ने कहा,‘‘ भारत के सभी प्रशंसकों को टीम पर गर्व करना चाहिए. हमने कतर की मजबूत टीम के खिलाफ मैच के अधिकतर हिस्से में नियंत्रण बनाए रखा. कई अवसरों पर भारतीय टीम ने कतर से बेहतर खेल दिखाया.’’
उन्होंने भारतीय टीम की कमजोरी के बारे में कहा,‘‘हमें पहले हाफ में ही तीन गोल करके मैच अपने पक्ष में कर देना चाहिए था लेकिन यह एक ऐसी चीज है जिसकी भारतीय फुटबॉल में कमी नजर आती है.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 12, 2024 12:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

