एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | भारतीय ड्रैगफ्लिकर हरमनप्रीत ने कहा, फिनिशिंग में सुधार पर ध्यान रहेगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. स्टार ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम आगामी एफआईएच हॉकी प्रो लीग की तैयारी के अंतर्गत अपने फिनिशिंग (प्रयास को गोल में तब्दील करना) कौशल पर काम करेगी।

खेल की खबरें | भारतीय ड्रैगफ्लिकर हरमनप्रीत ने कहा, फिनिशिंग में सुधार पर ध्यान रहेगा

बेंगलुरू, 31 अगस्त स्टार ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम आगामी एफआईएच हॉकी प्रो लीग की तैयारी के अंतर्गत अपने फिनिशिंग (प्रयास को गोल में तब्दील करना) कौशल पर काम करेगी।

इस महीने की शुरुआत में राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम 28 अक्टूबर से शुरू हो रही हॉकी प्रो लीग की तैयारियों से पहले सोमवार से यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केंद्र में शिविर में हिस्सा ले रही है।

हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति में हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘हम अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे और मुख्य रूप से हमारा ध्यान हमेशा अपनी फिनिशिंग में सुधार और खिलाड़ियों के बीच समन्वय तथा संयोजन में सुधार पर रहता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस बात पर ध्यान केंद्रित करेंगे कि खिलाड़ियों के बीच से गेंद को ले जाते वक्त हम अपने समय में सुधार कैसे कर सकते हैं और गेंद को रक्षण से आक्रमण तक ले जाते समय अपने समय में कैसे सुधार कर सकते हैं।’’

हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘हमारे लिए हर मैच महत्वपूर्ण है। हमारा लक्ष्य हमेशा प्रत्येक मैच जीतना रहा है। विश्व कप से पहले हमारे पास ज्यादा समय नहीं बचा है। इसलिए टूर्नामेंट से पहले हमें जितने अधिक मैच खेलने को मिलेंगे उतना ही अधिक हमारे लिए फायदेमंद होगा।’’

एफआईएच हॉकी विश्व कप के लिए पूल ड्रॉ आठ सितंबर को होगा और हरमनप्रीत ने कहा कि टीम अपने रास्ते में आने वाली किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम विश्व कप ड्रॉ पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रहे हैं। हमें मैच खेलना है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है, फिर चाहे हम किसी भी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेल रहे हों। हमें अपना खेल और अपनी ताकत दिखानी होगी और सकारात्मक परिणाम हासिल करने होंगे।’’

विश्व कप अगले साल 13 से 29 जनवरी के बीच भुवनेश्वर और राउरकेला में होना है।

भारतीय टीम ने बर्मिंघम में फाइनल में आस्ट्रेलिया से 0-7 से हारने के बाद राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 31, 2022 04:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).