विदेश की खबरें | सिंगापुर हवाई अड्डे पर तैनात भारतीय नागरिक पर विमान में खोए एयरपॉड्स रखने का आरोप
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

सिंगापुर, सात मार्च सिंगापुर में हवाईअड्डा सहायक पुलिस अधिकारी के रूप में कार्यरत 29 वर्षीय भारतीय नागरिक पर शुक्रवार को आपराधिक विश्वासघात का आरोप लगाया गया है।

भारतीय नागरिक पर आरोप है कि उसने विमान में एक यात्री के खोए हुए एयरपॉड्स को अपने इस्तेमाल के लिए रख लिया था।

चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत में सुनवाई के दौरान सुन्दर अरविंद ने कहा कि वह अपना दोष स्वीकार करते हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे कानूनी सलाह लेंगे, तो अरविंथ ने कहा कि नहीं। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने परिणामों पर विचार किए बिना अपराध किया है। उन्होंने न्यायाधीश से अनुरोध किया कि उन्हें उनके देश वापस भेजा जाए और यह भी बताया कि उनका वीजा 31 मार्च को समाप्त हो जाएगा।

आरोपी को बाद में बताया गया कि उन्हें एक विशेष पास जारी किया जाएगा।

आरोप पत्र के अनुसार अरविंद पर चार फरवरी को चांगी हवाई अड्डे के टर्मिनल दो पर एयरपॉड्स अपने इस्तेमाल के लिए रखने का आरोप है।

यह मामला 28 फरवरी को सामने आया, जब पुलिस को टर्मिनल दो पर चोरी के संदिग्ध मामले की सूचना मिली।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जांच से पता चला है कि यात्री के एयरपॉड्स विमान में खो गए थे। बाद में ये केबिन क्रू के एक सदस्य को मिले। उसने एयरपॉड्स अरविंद को सौंप दिए क्योंकि वह उस वक्त हवाई अड्डा सहायक पुलिस अधिकारी के रूप में ड्यूटी पर थे।

अरविंद ने ये एयरपॉड्स अपने पास रख लिए।

आंतरिक जांच की गई और अरविंद को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित के एयरपॉड्स बरामद कर लिए गए हैं। चैनल की रिपोर्ट में कहा गया है कि अरविंद के मामले की सुनवाई 17 अप्रैल को होगी।

सिंगापुर के कानून के अनुसार आपराधिक विश्वासघात करने पर अधिकतम सात साल की जेल, जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)