खेल की खबरें | भारतीय तीरंदाजों का ओलंपिक के अंतिम क्वालीफायर में टीम कोटा हासिल करने का लक्ष्य
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय तीरंदाज शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले चार दिवसीय ओलंपिक क्वालीफायर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और पुरुष और महिला टीम का कोटा हासिल करने की कोशिश करेंगे।
अंताल्या (तुर्की), 13 जून भारतीय तीरंदाज शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले चार दिवसीय ओलंपिक क्वालीफायर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और पुरुष और महिला टीम का कोटा हासिल करने की कोशिश करेंगे।
ओलंपिक के लिए तीरंदाजी का यह अंतिम क्वालीफायर मुकाबला है।
भारत के लिए अब तक धीरज बोम्मदेवरा ने ही पुरुष व्यक्तिगत में ओलंपिक कोटा हासिल किया है।
पुरुष टीम में बोम्मदेवरा, प्रवीण जाधव और अनुभवी तरूणदीप राय होंगे। राय का लक्ष्य चौथी बार ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना है। उन्होंने एथेंस 2004 में ओलंपिक पदार्पण किया था।
महिला वर्ग में सभी की निगाहें पूर्व विश्व नंबर एक दीपिका कुमारी पर होंगी, जिन्होंने इस आयोजन से पहले प्रसिद्ध दक्षिण कोरियाई कोच किम ह्युंग-टाक की देख रेख में दो सप्ताह का अभ्यास किया है।
दिसंबर 2022 में मां बनने के बाद वापसी करते हुए दीपिका ने इस साल अप्रैल में शंघाई में विश्व कप में रजत पदक हासिल किया था।
महिला टीम में उनके साथ भजन कौर और अंकिता भकत शामिल होंगी।
ओलंपिक जाने वाली टीम में तीन तीरंदाज शामिल होते हैं।
महिलाओं के आयोजन में चार देशों के पास कोटा हासिल करने का मौका होगा। इसमें 39 देशों में सेमीफाइनल का टिकट पक्का करने वाली तीरंदाजी टीम ओलंपिक कोटा हासिल कर लेगी।
फ़्रांस, जर्मनी, कोरिया, मैक्सिको, नीदरलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका की महिला टीमों ने पहले ही क्वालीफाई कर लिया है।
पुरुष वर्ग में 46 टीमों की स्पर्धा में शीर्ष तीन टीमों के पास ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का मौका होगा।
कोलंबिया, फ्रांस, इटली, जापान, कजाकिस्तान, कोरिया और मेजबान तुर्की ने पुरुष टीम स्पर्धा में जगह बना ली है।
महिला टीम का फाइनल शुक्रवार को होगा, जबकि पुरुष टीम का फाइनल शनिवार को होगा।
इस प्रतियोगिता में 80 से ज्यादा देशों के 300 से अधिक तीरंदाज खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगे।
नये नियमों के तहत रैंकिंग में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमों को भी ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिलेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 13, 2024 06:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

