विदेश की खबरें | संयुक्त राष्ट्र ईसीओएसओसी के चार निकायों के लिये भारत चुना गया

संयुक्त राष्ट्र, 13 अप्रैल भारत को संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (ईसीओएसओसी) के चार प्रमुख निकायों के लिए चुना गया है, जिसमें विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी आयोग भी शामिल है।

ईसीओएसओसी 1945 में संयुक्त राष्ट्र चार्टर द्वारा स्थापित संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के छह प्रमुख अंगों में से एक है। इसमें महासभा द्वारा चुने गए संयुक्त राष्ट्र के 54 सदस्य शामिल हैं।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने बुधवार को ट्वीट किया, “भारत संरा ईसीओएसओसी के चार निकायों के लिए चुना गया: सामाजिक विकास आयोग, गैर सरकारी संगठनों पर समिति, विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी आयोग और राजदूत प्रीति सरन आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों की समिति के लिए फिर से चुनी गईं।”

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने सभी सदस्य राष्ट्रों को शुक्रिया अदा किया।

वरिष्ठ भारतीय राजनयिक सरन को दिसंबर 2018 में संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों की समिति (सीईएससीआर) पर एशिया प्रशांत सीट के लिए निर्विरोध चुना गया था।

सरन का पहला चार साल का कार्यकाल एक जनवरी, 2019 को शुरू हुआ था। वह अगस्त 1982 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुई थीं। उन्होंने मास्को, ढाका, काहिरा, जिनेवा, टोरंटो और वियतनाम में भारतीय मिशनों में काम किया है और टोरंटो में भारत की महावाणिज्यदूत और वियतनाम में भारतीय राजदूत रह चुकी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)