हरिद्वार/बिजनौर, 15 सितंबर उत्तराखंड में कई घंटों की लगातार बारिश के कारण हरिद्वार—नजीबाबाद मार्ग पर उफान पर आ गयी कोटावाली नदी में शुक्रवार सुबह भारत—नेपाल मैत्री बस बहने लगी, हांलांकि यह स्वयं सड़क किनारे फंस कर रूक गयी जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
हरिद्वार के नगर पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र कुमार ने बताया कि बस के नदी के तेज बहाव में बहने की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल के साथ ही उत्तर प्रदेश की पुलिस भी पहुंची और बस में सवार यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया।
उन्होंने बताया कि मैत्री बस नेपालगंज से हरिद्वार आ रही थी और जैसे ही वह कोटावली नदी के रास्ते पर पहुंची, नदी के उफान पर होने से उसके तेज बहाव में बहने लगी। बस के नदी में बहने से उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
हांलांकि, बस जल्द ही रूक गयी और इसी दौरान बचाव दल मौके पर पहुंच गए और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बस से बाहर निकाल लिया गया ।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मंडावली थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से बस और यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया, किसी भी यात्री को किसी तरह की चोट नहीं पहुंची है और सभी सुरक्षित हैं।
सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह नेपाल से तीर्थयात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही यात्री बस बिजनौर-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-74 पर कोटावाली नदी के तेज बहाव मे फंस गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY