खेल की खबरें | दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में धीमी ओवर गति के लिए भारत पर जुर्माना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में धीमी ओवर गति के लिये भारतीय क्रिकेट टीम पर शुक्रवार को मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
सेंचुरियन, 31 दिसंबर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में धीमी ओवर गति के लिये भारतीय क्रिकेट टीम पर शुक्रवार को मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ने कहा कि इस अपराध के कारण भारत को आईसीसी पुरुष विश्व टेस्ट चैंपियनशिप से एक अंक का नुकसान होगा।
एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल के ऑफ मैच रेफरी एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट ने तय समय में एक ओवर कम गेंदबाजी करने पर भारत पर यह जुर्माना लगाया।
आईसीसी की खिलाड़ियों और टीम के सहयोगी सदस्यों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 (न्यूनतम ओवर-रेट से संबंधित) के तहत अगर टीम आवंटित समय में तय ओवर गेंदबाजी करने में विफल रहती है तो खिलाड़ियों पर हर ओवर के लिए उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
इसके अलावा आईसीसी पुरुष विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अनुच्छेद 16.11 के अनुसार टीम को तय समय में ओवर पूरा करने में विफल रहने पर प्रत्येक ओवर के लिए एक अंक का दंड दिया जाता है।
कप्तान विराट कोहली ने इस आरोप को स्वीकार कर लिया, इसलिए इसकी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
मैदानी अंपायर मरियस इरास्मस, एड्रियन होल्डस्टॉक के अलावा तीसरे अंपायर अलाउद्दीन पालेकर और चौथे अंपायर बोंगानी जेले ने ये आरोप लगाए थे।
भारतीय टीम ने गुरुवार को यहां शुरुआती टेस्ट मैच को 113 रन से जीतकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2021 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

