नयी दिल्ली, 19 जनवरी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बृहस्पतिवार को बताया कि भारत ने मेलबर्न के पास दो मंदिरों में हुई तोड़-फोड़ की घटना की जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का ऑस्ट्रेलिया से आग्रह किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि कैनबरा और नयी दिल्ली, दोनों जगह इस मामले से ऑस्ट्रेलियाई सरकार को अवगत कराया गया है।
बागची ने कहा, ‘‘हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में दो मंदिरों में तोड़फोड़ की गई है। हम इन घटनाओं की निंदा करते हैं। दोनों मेलबर्न के पास हैं। हम इनकी कड़ी निंदा करते हैं।’’
साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में बागची ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया के नेताओं, सामुदायिक नेताओं और धार्मिक संगठनों ने भी इन घटनाओं की सार्वजनिक रूप से निंदा की है।’’
बागची ने कहा कि मेलबर्न स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस मामले को स्थानीय पुलिस के समक्ष भी उठाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने मामले की जांच जल्दी करने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने का अनुरोध किया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY