नयी दिल्ली, 17 जुलाई भारत ने आर्मेनिया- अजरबैजान सीमा पर गोलीबारी की खबरों पर चिंता व्यक्त करते हुए शुक्रवार को दोनों पक्षों से संयम रखने और सीमा पर शांति बनाये रखने के लिये हर संभव कदम उठाने की अपील की ।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘‘ हमने आर्मेनिया- अजरबैजान सीमा गोलीबारी की खबरें देखी हैं जो 12-13 जुलाई को घटीं। भारत इस स्थिति को लेकर चिंतित है जो क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा के समक्ष खतरा पैदा करता है।’’
इसमें कहा गया है कि भारत दोनों पक्षों से संयम बरतने और सीमा पर शांति बनाये रखने के लिये हर संभव कदम उठाने की अपील करता है।
मंत्रालय ने कहा कि भारत का मानना है कि संघर्ष का टिकाऊ समाधान केवल शांतिपूर्ण ढंग से और राजनयिक वार्ता से ही हासिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़े | मध्यप्रदेश विधानसभा का 20 जुलाई से शुरू होने वाला पांच दिवसीय सत्र बढ़ते कोरोना वायरस मामलों के कारण स्थगित.
इसमें कहा गया है कि इस संबंध में हम ओएससीई मिंस्क समूह द्वारा आर्मेनिया और अजरबैजान के बीच संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिये किये जा रहे प्रयासों का समर्थन करते हैं।
गौरतलब है कि खबरों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से आर्मेनिया-अजरबैजान सीमा पर दोनों देशों के सैनिकों के बीच गोलीबारी और इसके कारण दोनों पक्षों को नुकसान होने की खबरें आ रही हैं । इसमें कहा गया है कि दोनों देशों के बीच नगोर्नो-कार्बाख क्षेत्र को लेकर विवाद है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY