देश की खबरें | पंजाब,हरियाणा,चंडीगढ़ में कड़ी सुरक्षा के बीच मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

चंडीगढ़,15 अगस्त पंजाब, हरियाणा और दोनों प्रांतों की साझी राजधानी चंडीगढ़ में सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालयों और अन्य स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले सेनानियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने केंद्र शासित प्रदेश में एक कार्यक्रम में और हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने अंबाला छावनी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में राज्य स्तरीय समारोह में और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पानीपत के समालखा में तिरंगा फहराया।

अपने संबोधनों में मान और खट्टर ने देश के लोगों को 76वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

लुधियाना में मान ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। उन्होंने अपने संबोधन में 75‘आम आदमी क्लीनिक’ को जनता को समर्पित करने की बात कही। उन्होंने जोर दिया कि उनकी सरकार अस्थायी कर्मचारियों की नौकरियां पक्की करेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘और रोजगार सृजित किए जाएंगे। यहां उद्योग आएंगे....।’’

वहीं खट्टर ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लाखों लोगों ने अपने घरों में तिरंगा लगाया वहीं ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इस दौरान खट्टर ने उनकी सरकार द्वारा किए गए कामों की भी जानकारी दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)