ताजा खबरें | पूर्वोत्तर राज्यों के बीच संघर्ष की बढ़ती घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण: गोगोई

नयी दिल्ली, 19 दिसंबर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सोमवार को कहा कि पूर्वोत्तर में राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में संघर्ष की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

लोकसभा में शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए गोगोई ने कहा कि 20 नवंबर को असम-मेघालय सीमा पर गोलीबारी की घटना में छह लोगों की जान चली गयी।

उन्होंने कहा, ‘‘असम के सीमावर्ती क्षेत्रों और आसपास के राज्यों में इस तरह की घटनाएं बार-बार घट रही हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कुछ महीने पहले असम और मिजोरम के पुलिस कर्मियों ने एक दूसरे पर गोली चलाई थीं।’’

कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘आश्चर्य की बात है, असम हो या अन्य राज्य, सभी पर एक राजनीतिक समूह नेडा (नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस) का शासन है। लेकिन इस तरह की गतिविधियों के कारण यह ‘नॉर्थ ईस्ट डिवाइड अलायंस’ बन गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा गृह मंत्रालय से अनुरोध है कि राज्य सरकारों को निर्देश दिया जाए कि वे पुलिस अधिकारियों को मानक परिचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) प्रदान करें।’’

नेडा एक राजनीतिक गठबंधन है जिसका गठन 2016 में भारतीय जनता पार्टी ने किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)