देश की खबरें | ओडिशा में एक पुलिसकर्मी के पास से 37.27लाख रुपये मिलने के बाद उसे किया गया बर्खास्त

भुवनेश्वर, दो दिसंबर ओडिशा पुलिस ने एक निरीक्षक को शनिवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया। उसके पास से 37.27 लाख रुपये मिलने पर सतर्कता विभाग ने उसे गिरफ्तार किया था।

हाल में सतर्कता विभाग ने बोईपारीगुडा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुशांत सत्पथी के परिसर पर छापा मारा था और उस दौरान यह नकद जब्त किया गया था।

ओडिशा पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भ्रष्टाचार के प्रति राज्य सरकार की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के तहत पुलिस निरीक्षक सुशांत सत्पथी को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तारी के बाद भारतीय संविधान के अनुच्छेद 311 (2) (बी) के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।’’

सतर्कता विभाग ने 28 नवंबर को सत्पथी को गिरफ्तार किया था। उससे एक दिन पहले जयपुर से कटक जा रही एक बस में उसके पास से 2.70 लाख रुपये मिले थे। बोईपारीगुडा में उसके कार्यालय एवं सरकारी आवास पर बाद में की गयी तलाशी में जिसमें क्रमश: 1.80 लाख और तीन लाख रुपये मिले थे। बाकी राशि कटक में उसके आवास से जब्त की गयी थी।

इससे पहले, रायगड़ा के पुलिस अधीक्षक ने सत्पथी को कदाचार एवं कर्तव्य के प्रति लापरवाही को लेकर जनवरी 2020 में निलंबित कर दिया था। वर्ष 2012 में जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक ने दंड के तौर पर उसे ‘ब्लैक मार्क (प्रतिकूल टिप्पणी)’ भी दिया था।

‘ब्लैक मार्क’ दिये जाने के बावजूद सत्पथी को पदोन्नत कर निरीक्षक बना दिया गया और इस साल जुलाई में उसे कोरापुट में पदस्थापित कर दिया गया। वह अगस्त से कोरापुट में बोईपारीगुडा थाने में आईआईसी के तौर पर काम कर रहा था।

ओडिशा पुलिस की नियमावली के अनुसार, नौ ‘ब्लैक मार्क’ दिये जाने पर पुलिसकर्मी की बर्खास्तगी का प्रावधान है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)