देश की खबरें | केरल में पुलिस ने लग्जरी कार के दुर्घटनास्थल से जब्त किया मादक पदार्थ, एक गिरफ्तार

कोझिकोड, नौ सितंबर केरल पुलिस ने 20 वर्षीय एक व्यक्ति को कथित तौर पर सिंथेटिक मादक पदार्थ एमडीएमए और माइक्रोबैलेंस रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक लग्जरी कार के शनिवार तड़के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद हुई जिसमें आरोपी यात्रा कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि उन्होंने कोझिकोड निवासी अनुबिंद को गिरफ्तार किया है जबकि कार का मालिक हबीब रहमान(43) दुर्घटना स्थल से फरार हो गया।

पुलिस ने दुर्घटना स्थल से लगभग 3.5 ग्राम एमडीएमए और माइक्रोबैलेंस जब्त किया है। यह घटना तब सामने आई जब कार चला रहे एक व्यक्ति ने नियंत्रण खो दिया और वाहन यहां कोडुवल्ली के समीप एक प्रोपर्टी में घुस गया ।

माइक्रोबैलेंस एक तरह का इलेक्ट्रोनिक तराजू होता है जिसे बहुत छोटी मात्रा को मापने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

पुलिस ने कहा,''दुर्घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने कार में सवार लोगों को बुरी तरह से नशे में पाया। उन दोनों को यह भी नहीं पता था कि दुर्घटना हुई है। जब दोनों को कार से बाहर निकाला गया तो स्थानीय लोगों ने उन्हें कुछ पैकेटों को झाड़ियों में फेंकते हुए देखा।''

स्थानीय लोगों ने उनसे सवाल पूछना शुरू कर दिया और इस बीच रहमान फरार हो गया। बाद में संदेह पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने कहा,''हम जल्दी से मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान एमडीएमए तथा माइक्रोबैलेंस मिला। अनुबिंद को गिरफ्तार कर लिया गया। रहमान फरार है और उसका मोबाइल फोन बंद है।''

उन्होंने बताया कि उनके द्वारा फेंके गए पैकेटों में से कुछ एमडीएमए बरामद किया गया है। अनुबिंद के पास से भी कुछ मात्रा में मादक पदार्थ मिला है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)