देश की खबरें | बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी का अवैध बूचड़खाना गिराया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र से बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी सहयोगी रईस कुरैशी के अवैध बूचड़खाने को शुक्रवार को जिला प्रशासन ने गिरा दिया।
मऊ (उप्र), 28 अगस्त जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र से बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी सहयोगी रईस कुरैशी के अवैध बूचड़खाने को शुक्रवार को जिला प्रशासन ने गिरा दिया।
जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जिले में मुख्तार अंसारी गिरोह से संबंधित ग्रीन लैंड में बना उनके सहयोगी का अवैध बूचड़खाना आज गिरा दिया गया।
उन्होंने कहा कि उस जगह पर बने बाकी अवैध निर्माण भी गिराया जाएगा।
यह अवैध बूचड़खाना दशकों पहले मुख्तार अंसारी गिरोह के करीबी रईस कुरैशी ने बनवाया था, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बतायी जाती है। शुक्रवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेश कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ इसे ध्वस्त कर दिया गया।
उधर, लखनऊ में अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि इस अवैध बूचड़खाने के तार मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़े थे जिसे स्थानीय प्रशासन ने गिरवा दिया है और वहां पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के स्वामित्व वाले दो अवैध निर्माण राजधानी लखनऊ के डालीबाग क्षेत्र में ध्वस्त कर दिए गए थे।
राज्य सरकार ने मऊ से बसपा के वर्तमान विधायक मुख्तार के निकट सहयोगियों की संपत्तियां हाल ही में विभिन्न जिलों में जब्त की हैं और गाजीपुर में मुख्तार के चार सहयोगियों के शस्त्र लाइसेंस भी पहले निरस्त किए जा चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)