देश की खबरें | कांग्रेस अपने सदस्यों के साथ इंसाफ नहीं कर सकती है तो वह जनता को न्याय कैसे देगी: दिनेश शर्मा

नागपुर, छह अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में महाराष्ट्र मामलों के चुनाव प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा ने शनिवार को यह प्रश्न करते हुए कांग्रेस के घोषणापत्र पर निशाना साधा कि जब यह पार्टी अपने सदस्यों के साथ इंसाफ नहीं कर सकती तो वह जनता को न्याय कैसे देगी।

आम चुनाव के लिये कांग्रेस के घोषणापत्र ‘न्याय पत्र’ जारी होने के एक दिन बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुये इसे झूठ का पुलिंदा करार देते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘जब कांग्रेस अपने सदस्यों के साथ इंसाफ नहीं कर सकती है तो वह कैसे लोगों को ‘न्याय’ देगी।’’

कांग्रेस के इस ‘न्याय पत्र’ में अप्रेंटिसशिप के अधिकार, न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी गारंटी देने, जातीय जनगणना कराने के अलावा कई अन्य वादे किये गये हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की अगुवाई वाली राकांपा (एसपी) की महा विकास आघाड़ी महाराष्ट्र में एक सीट के लिए भी जद्दोजहद करना पड़ेगा।

महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीट पर पांच चरणों में चुनाव होंगे। राज्य में चुनाव 19 अप्रैल को शुरू होगा और 20 मई को उसका समापन होगा। चार मई को मतों की गिनती होगी।

शर्मा ने कहा कि विदर्भ में मोदी लहर है तथा सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व में महायुति इस क्षेत्र में सभी सीट जीतेगी।

राज्य में एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना तथा राकांपा का अजीत पवार महायुति के अन्य घटक हैं।

शर्मा ने कांग्रेस को ‘आंबेडकर विरोधी’ भी बताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)