जरुरी जानकारी | आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 751 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 35 प्रतिशत बढ़कर 751 करोड़ रुपये हो गया।

आईडीएफसी बैंक ने शनिवार को शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि एक साल पहले की समान तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 556 करोड़ रुपये रहा था।

जुलाई-सितंबर तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 8,786 करोड़ रुपये हो गई जबकि साल भर पहले समान समय में यह 6,531 करोड़ रुपये थी।

बैंक की सितंबर तिमाही में शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 32 प्रतिशत बढ़कर 3,950 करोड़ रुपये हो गयी। पिछले साल की समान तिमाही में यह 3,002 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन बढ़कर 6.32 प्रतिशत हो गया जो सितंबर, 2022 तिमाही में 5.83 प्रतिशत था।

इस दौरान बैंक की गैर-निष्पादित संपत्तियां (एनपीए) घटकर कर्ज का 2.11 प्रतिशत होने से संपत्ति गुणवत्ता बेहतर हुई है। पिछले साल की समान अवधि में बैंक का एनपीए 3.18 प्रतिशत था।

इसी तरह आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का शुद्ध एनपीए यानी फंसा कर्ज सितंबर, 2022 तिमाही के 1.09 प्रतिशत से घटकर 0.68 प्रतिशत रह गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)