नयी दिल्ली, 16 जुलाई आईसीएसई बोर्ड 17 जुलाई को 10वीं कक्षा के नतीजे की घोषित करेगा। बोर्ड के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
बोर्ड के सचिव गेरी आराथून ने शनिवार को कहा कि अंतिम स्कोर के लिए पहले और दूसरे सेमेस्टर को समान ‘वेटेज’ दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो छात्र पहले या दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा में उपस्थित नहीं हुए उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा और उनके परिणाम घोषित नहीं किये जाएंगे।
भारतीय स्कूल प्रमाण पत्र परीक्षा परिषद (सीआईएससीई) के मुख्य कार्यकारी और सचिव आराथून ने कहा, “आईसीएसई (कक्षा 10) 2022 परीक्षा के परिणाम रविवार 17 जुलाई को शाम पांच बजे घोषित किये जाएंगे। सीआईएससीई के करियर्स पोर्टल, वेबसाइट और एसएमएस के जरिये नतीजों की घोषणा की जाएगी।”
उन्होंने कहा, “आईसीएसई परीक्षा परिणाम की गणना के लिए सेमेस्टर एक और सेमेस्टर दो, दोनों को समान वेटेज दिया गया है। प्रत्येक विषय और पर्चे के अंतिम अंक की गणना के लिए सेमेस्टर एक, सेमेस्टर दो तथा प्रोजेक्ट (आंतरिक मूल्यांकन) के अंकों को जोड़ा गया है।”
बोर्ड के इतिहास में पहली बार, सीआईएससीई ने एक परीक्षा वर्ष में दो परीक्षाएं आयोजित की हैं। कक्षा 10 और 12 के लिए सेमेस्टर एक की परीक्षा नवंबर-दिसंबर 2021 में हुई थी और दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा अप्रैल-मई 2022 में आयोजित की गई थी।
आराथून ने कहा, “जिन उम्मीदवारों ने पंजीकरण करवाया है और कक्षा 10 के लिए उपस्थित होने की पुष्टि की है, उन्हें कक्षा 10 की परीक्षा का प्रमाण पत्र लेने के लिए दोनों सेमेस्टर की परीक्षाओं में उपस्थित होना पड़ेगा।”
उन्होंने कहा, “जो उम्मीदवार सेमेस्टर एक या दो की परीक्षा में उपस्थित नहीं हुए उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा और उनके नतीजे घोषित नहीं किये जाएंगे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY